नीमच। जिला कलेक्टर कार्यालय में आज सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कार्यालय के सभाकक्ष में अचानक भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और पूरे मीटिंग हॉल को अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में सभाकक्ष में रखा फर्नीचर, कुर्सियां, एसी सहित अन्य सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना आज सुबह करीब 8 बजे की है। सभाकक्ष में अचानक आग भड़क उठी, जो कुछ ही देर में तेजी से फैल गई। आग की लपटें उठती देख कार्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही नगर पालिका की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का कार्य शुरू किया।
इस दौरान नगर पालिका के कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और सीआईएसएफ के जवानों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। वहीं, एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों और अन्य कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
राहत की बात यह रही कि घटना सुबह के समय हुई, जब सभाकक्ष में कोई बैठक आयोजित नहीं हो रही थी। इसके चलते किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि, आगजनी में सभाकक्ष का काफी सामान जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।