खरगोन। जिले की जनपद पंचायत कसरावद के अंतर्गत ग्राम सामेडा में पेयजल संकट ने ग्रामीणों की परेशानी बढ़ा दी है। गांव में नल-जल योजना के नाम पर ग्रामीणों से राशि वसूली जा रही है, लेकिन नियमित जलापूर्ति और योजना के रखरखाव को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं, गांव में जगह-जगह फैली गंदगी ने स्वच्छता व्यवस्था की पोल खोल दी है।
ग्रामीण हेमेंद्र दरबार का आरोप है कि ग्राम पंचायत सरपंच प्रतिनिधि निर्मल (गोलू) सेन द्वारा नल-जल योजना के नाम पर राशि वसूली जा रही है, लेकिन इसके मेंटेनेंस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा। ग्रामीणों के अनुसार, पानी सप्लाई करने वाले कर्मचारी को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है। इसके चलते कर्मचारी ने काम बंद कर दिया है। दूसरी ओर, कई जगह पाइपलाइन खुले में पड़ी है, जबकि मुख्य पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त होने से जलापूर्ति प्रभावित हो रही है।
सफाई के नाम पर बिल, गांव में जगह-जगह गंदगी
पेयजल संकट के साथ गांव की सफाई व्यवस्था भी बदहाल बताई जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई के नाम पर कई बार बिल निकाले गए, लेकिन मौके पर नियमित सफाई दिखाई नहीं देती। कुछ स्थानों पर सीसी रोड निर्माण के नाम पर भी केवल औपचारिकता किए जाने के आरोप लगाए गए हैं।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रीना किराड़ को लिखित शिकायत सौंपकर समस्या के निराकरण की मांग की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि नल-जल योजना की जांच कर जलापूर्ति तत्काल बहाल की जाए, पानी सप्लायर का बकाया वेतन दिलाया जाए और गांव में नियमित साफ-सफाई कराई जाए।
अब सवाल यह है कि जब ग्रामीण नल-जल योजना के लिए राशि दे रहे हैं, तो उन्हें नियमित पेयजल सुविधा क्यों नहीं मिल रही? सफाई के नाम पर खर्च की जा रही राशि का जमीनी हिसाब कौन देगा? ग्रामीणों को अब प्रशासनिक कार्रवाई और समस्या के समाधान का इंतजार है।