खरगोन। जिले के कसरावद थाना क्षेत्र के बलगांव फाटे पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। शराब के नशे में ट्रैक्टर चला रहे चालक ने रॉन्ग साइड में जाकर सामने से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार, अकबरपुर निवासी रुबाब खान (40) अपने बेटे ताहिर (19) के साथ बोलेरो से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खलटाका की ओर से कसरावद आ रहे ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर शराब के नशे में वाहन की दिशा बदलते हुए बोलेरो को सामने से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। बोलेरो की हालत देखकर आसपास के लोग भी सहम गए। हालांकि, बड़ी गनीमत रही कि रुबाब खान सुरक्षित बच गए, जबकि उनके बेटे ताहिर को हल्की चोट आई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैक्टर चालक को हिरासत में लेकर कसरावद थाने ले गई। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ और वैधानिक कार्रवाई कर रही है।