नीमच। नीमच कृषि उपज मंडी में उस समय हलचल बढ़ गई, जब भोपाल से मंडी के मैनेजिंग डायरेक्टर (एमडी) राघवेंद्र सिंह अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचे। उनके आगमन के बाद मंडी परिसर की व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हिमांशु चंद्रा सहित प्रशासनिक एवं मंडी से जुड़े कई अधिकारी भी मौजूद रहे।
इस दौरान एग्रीकल्चर मंडी से जुड़े अधिकारी निशांत वरवड़े भी मौके पर पहुंचे और अधिकारियों को मंडी की व्यवस्थाओं की जानकारी दी। निरीक्षण के दौरान परिसर में कई अव्यवस्थाएं सामने आईं, जिन्हें अधिकारियों ने गंभीरता से देखा। संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही मंडी सचिव सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को कमियों में सुधार करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान किसानों ने भी अधिकारियों के सामने मंडी से जुड़ी अपनी समस्याएं और परेशानियां रखीं। किसानों ने मंडी परिसर में आने वाली दिक्कतों से अधिकारियों को अवगत कराते हुए उनके निराकरण की मांग की।
एमडी के अचानक निरीक्षण से मंडी प्रशासन में हलचल देखने को मिली। अब निरीक्षण में सामने आई कमियों को दूर करने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए जिम्मेदार अधिकारी कितनी तत्परता दिखाते हैं, यह देखने वाली बात होगी।
खबर लिखे जाने तक नीमच कृषि उपज मंडी में अधिकारियों का निरीक्षण जारी था।