गरोठ। कृषि उपज मंडी गरोठ में प्याज की बंपर आवक देखने को मिली। पहली बार एक ही दिन में करीब 150 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में प्याज लेकर किसान मंडी पहुंचे। बड़ी संख्या में किसानों और कृषि उपज की आवक से मंडी परिसर में काफी चहल-पहल रही।
प्याज की बंपर आवक के बीच मंडी के भारसाधक अधिकारी एवं एसडीएम राहुल चौहान ने मंडी पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों और व्यापारियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। चर्चा के दौरान पेयजल और शौचालय से जुड़ी समस्याएं सामने आने पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए, जिसके बाद व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराया गया।
इसके साथ ही एसडीएम चौहान ने मंडी में किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता का भी निरीक्षण किया। उल्लेखनीय है कि मंडी में किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से एसडीएम द्वारा पूर्व में भी किसानों एवं व्यापारियों के साथ कई बार बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। प्रशासन का प्रयास है कि मंडी में अपनी उपज बेचने आने वाले किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।