नीमच। चंगेरा स्थित नई कृषि उपज मंडी में प्याज की बंपर आवक के चलते किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए 3 से 4 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। मंडी में जगह कम पड़ने के कारण छपरों के साथ ही आवाजाही वाली सड़कों पर भी प्याज की उपज रखी जा रही है। तुलाई में देरी के चलते किसानों को कड़ाके की ठंड में मंडी परिसर में ही रात गुजारने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ट्रैक्टर लेकर पहुंचे किसान, चौथे दिन भी नहीं आया नंबर-
एक किसान ने बताया कि उनका ट्रैक्टर परसों घर से निकला था और कल मंडी में खाली हुआ, लेकिन बुधवार तक भी उनकी उपज की तुलाई का नंबर नहीं आया। उनके अनुसार, घर से प्याज लेकर निकले चार दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उपज की बिक्री नहीं हो पाई है।
किसानों का कहना है कि प्रशासन की ओर से छुट्टियों और रविवार को भी मंडी में खरीदी जारी रखने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन हकीकत में उन्हें उपज बेचने के लिए तीन से चार दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। इस दौरान किसानों को ठंड के बीच मंडी परिसर में ही रात गुजारनी पड़ रही है।
एक सप्ताह में 800 से 1,000 रुपए तक गिरे प्याज के भाव-
किसानों के मुताबिक, दीपावली से पहले प्याज के भाव 4,000 से 4,500 रुपए प्रति क्विंटल तक थे, लेकिन अब घटकर करीब 3,200 से 3,500 रुपए प्रति क्विंटल रह गए हैं। किसानों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह में प्याज के भाव में 800 से 1,000 रुपए प्रति क्विंटल तक की गिरावट आई है।
किसानों ने बताया कि पिछले साल की तुलना में इस बार प्याज के भाव बेहतर हैं, लेकिन बाजार में खरीदारों की कमी और मंडी में तुलाई में हो रही देरी के कारण उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खाद-बीज खरीदने से लेकर उपज को मंडी तक लाने और उसकी बिक्री करने तक किसानों को कई तरह की दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है।