नीमच। दीपावली के पांच दिवसीय अवकाश के बाद नीमच की प्रसिद्ध कृषि उपज मंडी में कारोबार ने फिर रफ्तार पकड़ ली है। चंगेरा मंडी में कारोबार के दूसरे ही दिन प्याज की बंपर आवक देखने को मिली। यहां करीब 10 हजार कट्टे प्याज की आवक दर्ज की गई।
प्याज के भाव की बात करें तो गुणवत्ता के आधार पर कीमतों में बड़ा अंतर रहा। निचली गुणवत्ता का प्याज करीब 1,100 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका, जबकि उच्च गुणवत्ता वाले प्याज को अधिकतम 4,500 रुपये प्रति क्विंटल तक का भाव मिला।
बंपर आवक से मंडी में चहल-पहल बढ़ी है, वहीं भाव को लेकर किसानों की राय भी अलग-अलग रही। किसानों को मिल रहे दाम से वे कितने संतुष्ट हैं और क्या भाव उनकी उम्मीदों पर खरे उतर रहे हैं, इन सवालों को लेकर वॉइस ऑफ एमपी की टीम के चीफ रिपोर्टर मुश्ताक अली शाह ने नीमच कृषि उपज मंडी पहुंचकर किसानों से सीधी चर्चा की और प्याज के भाव को लेकर उनकी राय जानी। भावों को लेकर किसानों ने अपनना-अपना मत रखा।