खरगोन। शौर्य, पराक्रम और धर्मरक्षा के प्रतीक भगवान राजराजेश्वर सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्मोत्सव खरगोन में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जायसवाल समाज की ओर से बिस्टान रोड स्थित मैरिज गार्डन में पूजन-अर्चन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन के पूजन के साथ हुआ। समारोह में समाज के प्रतिभावान विद्यार्थियों के साथ विदेश में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे युवक-युवतियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके अलावा निशानेबाजी, ताइक्वांडो, क्रिकेट सहित विभिन्न खेलों में जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धियां हासिल करने वाले खिलाड़ियों तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
समारोह में वक्ताओं ने समाज की एकजुटता पर जोर देते हुए कहा कि समाज के लोगों को केवल जन्मोत्सव जैसे आयोजनों पर ही नहीं, बल्कि नियमित रूप से मेल-मिलाप करते रहना चाहिए। इससे आपसी परिचय और सहयोग बढ़ेगा तथा समाज के लोगों को विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के अवसर मिलेंगे।
कार्यक्रम के समापन पर भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें समाजजनों ने प्रसादी ग्रहण की।