मनासा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित मनासा दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री के आगमन और विशाल जनसभा को देखते हुए कृषि उपज मंडी परिसर में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी क्रम में सभा स्थल के लिए मंडी का टीन शेड खाली कराया जा रहा है, जहां व्यापारियों और किसानों की रखी उपज को हटवाकर अन्य स्थान पर भिजवाया जा रहा है, ताकि जनसभा के आयोजन के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो सके।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए एसडीएम मयूरी जॉक, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित अन्य शासकीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों की निगरानी में मंडी परिसर की सफाई, व्यवस्थाओं और सुरक्षा से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं।
वहीं, मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक बैरिकेडिंग का काम भी जारी है। जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कॉलेज के समीप बनाए गए हेलीपैड पर उतरेंगे। इसके बाद रामचंद्र विश्वविद्यालय से मनासा कृषि उपज मंडी तक रोड शो प्रस्तावित है। रोड शो के पश्चात मुख्यमंत्री सभा स्थल पहुंचकर जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासनिक अमला पूरी तरह सक्रिय है। मंडी परिसर से लेकर रोड शो के मार्ग तक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित करने का काम तेजी से चल रहा है। अब प्रशासन का पूरा ध्यान कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने पर है।