रतलाम। जिले में सोमवार को बाल संरक्षण एवं पुनर्वास की दिशा में एक भावनात्मक और सुखद अवसर सामने आया। कलेक्टर अजय कटेसरिया ने बालक विनय (परिवर्तित नाम) के दत्तक ग्रहण का आदेश जारी किया। इस अवसर पर उन्होंने बालक को स्नेह और आशीर्वाद दिया तथा उसे अपनाने वाले परिवार को नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पारिवारिक एवं व्यक्तिगत परिस्थितियों के चलते बालक को मई 2026 में उसके जैविक परिजनों ने विधिवत रूप से बाल कल्याण समिति के समक्ष समर्पित किया था। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत बालक की देखरेख और संरक्षण की जिम्मेदारी संबंधित बाल देखरेख संस्था ने संभाली।
दत्तक ग्रहण की कानूनी प्रक्रिया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद बालक को नया परिवार मिला। कलेक्टर द्वारा दत्तक ग्रहण आदेश जारी किए जाने के साथ ही उसके जीवन में एक नई शुरुआत हुई।
इस अवसर पर कलेक्टर अजय कटेसरिया ने दत्तक ग्रहण करने वाले परिवार को बधाई देते हुए कहा कि बच्चे को प्रेम, सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य देना परिवार की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दत्तक ग्रहण केवल कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि किसी बच्चे को परिवार, अपनापन और जीवन में आगे बढ़ने का अवसर देने वाला संवेदनशील मानवीय प्रयास है।
यह दत्तक ग्रहण बाल संरक्षण एवं पुनर्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे बालक को परिवार का स्नेह, सुरक्षा और बेहतर भविष्य पाने का अवसर मिला है।