मनासा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रस्तावित मनासा दौरे को लेकर स्थानीय विश्राम गृह में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान विधायक अनिरुद्ध माधव मारू ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों और क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
विधायक मारू ने बताया कि मनासा क्षेत्र में लगभग 500 करोड़ रुपये की नई विकास परियोजनाओं एवं विभिन्न विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई है। मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान खिमला प्लांट में आयोजित विभागीय कैबिनेट बैठक में भी शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से मनासा कॉलेज परिसर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। इसके बाद वे रोड शो में शामिल होते हुए मनासा कृषि उपज मंडी पहुंचेंगे, जहां आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर क्षेत्र में तैयारियां की जा रही हैं। प्रेस वार्ता के दौरान विधायक मारू ने पत्रकारों को दौरे से जुड़ी विभिन्न जानकारियां देते हुए आयोजन को लेकर की जा रही तैयारियों के बारे में भी बताया।