चित्तौड़गढ़। पंचायत राज चुनाव के मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने सोमवार को गंगरार उपखंड क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर निर्वाचन व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने पुठोली के 4, सुवानिया के 3, सेमलिया के 2 और गंगरार के 9 मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। साथ ही, वहां मौजूद मतदाताओं से संवाद कर मतदान प्रक्रिया और व्यवस्थाओं के संबंध में जानकारी ली।
अधिकारियों ने आगामी सरपंच पद की मतगणना को लेकर की जा रही तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने मतगणना स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करने, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सरपंच पद की मतगणना प्रक्रिया पारदर्शी, सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से ही सुनिश्चित की जाएं।
इस दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर दिनेश धाकड़, उपखंड अधिकारी, विकास अधिकारी कार्यालय अधीक्षक विवेक व्यास सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।