नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 18 नवंबर को नीमच जिले की रामपुरा तहसील के ग्राम खिमला स्थित 1,920 मेगावाट क्षमता की निर्माणाधीन गांधीसागर पंप्ड हाइड्रो स्टोरेज परियोजना के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
इसी क्रम में सोमवार को कलेक्टर हिमांशु चंद्रा एवं पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने परियोजना परिसर, कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने हेलीपैड पर सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के साथ ग्रीन रूम, टेंट, बैठक व्यवस्था, बैरिकेडिंग, वायर फेंसिंग, पार्किंग और यातायात प्रबंधन का अवलोकन किया। इसके अलावा परियोजना के अपर रिजर्व एवं मिडिल रिजर्व क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया गया।
कलेक्टर एवं एसपी ने ग्रीनको ग्रुप के प्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सुरक्षा, यातायात एवं पार्किंग के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रम के सुचारु आयोजन के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, एसडीएम संजीव साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, एसडीओपी सवेरा अंसारी सहित परियोजना के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।