देवास। जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त राकेश कुमार कुर्मी के मार्गदर्शन में उदयनगर क्षेत्र के विभिन्न गांवों में दबिश देकर करीब 4 लाख 34 हजार रुपये का मश्रुका जब्त किया गया।
आबकारी विभाग की टीम ने कंट्रोलर दिलीप कनासे के नेतृत्व में धोबघड्डा, मगरादेह, पुतलीपुरा, ईमलीपुरा, पांडु तालाब, सीतापुरी, खुटखाल और भड़क सहित कई स्थानों पर सर्चिंग अभियान चलाया। इस दौरान टीम ने 70 लीटर हाथ भट्टी मदिरा और 4200 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया।
आबकारी उप निरीक्षक प्रेम यादव ने बताया कि मामले में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) के तहत कुल 7 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 4 लाख 34 हजार रुपये है।
कार्रवाई में आबकारी उपनिरीक्षक कैलाश जामोद, प्रेम यादव, रोहित मुकाती सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और नगर सैनिक शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।