चित्तौड़गढ़। पंचायती राज आम चुनाव के तहत सोमवार को जिले में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के लिए हुए मतदान में ग्रामीण मतदाताओं का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शाम 6 बजे तक जिले की छह पंचायत समितियों में औसतन 85.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। भैंसरोड़गढ़ पंचायत समिति 88.09 प्रतिशत मतदान के साथ सबसे आगे रही, जबकि डूंगला में 82.19 प्रतिशत मतदान हुआ।
सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही केंद्रों पर मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई, जो दिनभर जारी रही। ग्रामीण क्षेत्रों में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर उत्सवी माहौल नजर आया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर मतदान में हिस्सा लिया। कई केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत-
शाम 6 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार भैंसरोड़गढ़ में 88.09 प्रतिशत, निंबाहेड़ा में 87.17 प्रतिशत, बेगूं में 85.81 प्रतिशत, गंगरार में 84.85 प्रतिशत, बड़ीसादड़ी में 83.89 प्रतिशत तथा डूंगला में 82.19 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
पर्यवेक्षक एवं अधिकारियों ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण-
निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक एवं संयुक्त सचिव हर्ष सावनसुखा ने डूंगला पंचायत समिति क्षेत्र के नेगड़िया, इडरा, मंगलवाड़ एवं लोठियाना मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र यादव ने भी जिले के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था एवं निर्वाचन संबंधी प्रबंधों की समीक्षा की। इस दौरान एसडीएम एवं रिटर्निंग अधिकारी ईश्वर लाल खटीक तथा सहायक रिटर्निंग अधिकारी भूपेंद्र वसी भी उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण मतदान-
जिले में मतदान केंद्रों पर प्रशासन की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं और सुरक्षा के प्रबंध किए गए। ग्रामीण मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से चुनाव को लेकर उत्साह नजर आया। शाम 6 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले में औसतन 85.32 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद अंतिम आंकड़ों में बदलाव संभव है।