मनासा। सामाजिक एकता, आपसी सद्भाव और पारिवारिक मेल-मिलाप की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए मनासा कुमावत समाज द्वारा रविवार, 15 नवंबर को स्थानीय कुमावत समाज धर्मशाला में द्वितीय वर्ष दीपावली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में समाज के महिला-पुरुषों, युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। साथ ही मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सिलावटी गली स्थित समाज के मंदिर में भगवान चारभुजानाथ की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद समाज के महिला-पुरुष, युवा एवं युवतियां भगवान बालगोपाल को साथ लेकर ढोल-ढमाकों और भक्ति गीतों के बीच नाचते-गाते चल समारोह के रूप में नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आयोजन स्थल कुमावत समाज धर्मशाला पहुंचे।
धर्मशाला में भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर पूजा-अर्चना की गई तथा आरती के साथ कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। समारोह के दौरान जलेबी रेस, बच्चों की चेयर रेस, एक मिनट प्रतियोगिता, डांस प्रतियोगिता, कविता पाठ, रंगोली सजाओ और मटकी सजाओ सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें समाज के बालक-बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला, रचनात्मकता एवं प्रतिभा से उपस्थित समाजजनों का मन मोह लिया।
समारोह में समाज के वरिष्ठजन भगवतीलाल धनेरिया पटेल, बंशीलाल करसानिया, नारायण पड़ियार, पूरनमल नोकवार, कन्हैयालाल करसनिया, गोपाल राजलवार एवं भेरूलाल मंडलिया अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत समाज अध्यक्ष संजय धनेरिया सहित देवीलाल घोड़ेला, दिनेश करसानिया, घनश्याम करसानिया, नरेंद्र मजावरिया, श्याम सुंदर धनेरिया एवं किशन पड़ियार ने किया।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को भी शील्ड एवं ट्रॉफी देकर प्रोत्साहित किया गया। सम्मान पाकर विद्यार्थियों और प्रतिभागियों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम के अंत में समाजजनों ने एक-दूसरे को दीपावली एवं नववर्ष की शुभकामनाएं दीं और समाज की सुख-समृद्धि, एकता, उन्नति एवं प्रगति की कामना की। इसके पश्चात सामूहिक भोज का आयोजन किया गया, जिसके साथ समारोह का समापन हुआ।
कार्यक्रम का संचालन सुभाष पड़ियार ने किया। वहीं विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन रेखा कागवर, कृष्णा पड़ियार, रंजना धनेरिया, अनिता धनेरिया, रीता पड़ियार एवं रीना धनेरिया द्वारा किया गया।