नीमच। श्री सीताराम जाजू शासकीय कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी के मार्गदर्शन में आयोजित चार दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव 2026-27 के दूसरे दिन छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान एकल एवं समूह नृत्य, शास्त्रीय, सुगम एवं पाश्चात्य गायन, शास्त्रीय वाद्य वादन, लोक वाद्यवृंद, पश्चिमी वाद्य वादन तथा रचनात्मक कोरियोग्राफी सहित विभिन्न विधाओं की प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ सहभागिता करते हुए अपनी कला का प्रदर्शन किया।
द्वितीय दिवस की प्रतियोगिताओं में कार्टूनिंग विधा में एमए द्वितीय सेमेस्टर की छात्रा कुमारी कोमल मेहडा ने प्रथम, द्वितीय वर्ष की कुमारी संजना सुनिया ने द्वितीय तथा बीए द्वितीय वर्ष की कुमारी अजलिना मंसूरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। क्ले मॉडलिंग प्रतियोगिता में कुमारी संजना सुनिया प्रथम, बीकॉम प्रथम वर्ष की कुमारी डॉली सालवी द्वितीय तथा कुमारी कोमल मेहडा तृतीय स्थान पर रहीं। इन प्रतियोगिताओं के आयोजन में राजेश डोडिया, माधुरी सोनी एवं सुमन नागदा का विशेष योगदान रहा।
संगीत प्रतियोगिताओं में भी छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। शास्त्रीय एकल गायन में एमए प्रथम वर्ष की खुशी मेहडा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शास्त्रीय वाद्य यंत्र वादन (पर्कशन) में बीकॉम प्रथम वर्ष की संगीता परिहार विजेता रहीं। सुगम संगीत एकल विधा में सानिया शर्मा, खुशी मेहडा एवं मोनाली मरावी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया।
पाश्चात्य एकल गायन में संजना सुनिया प्रथम एवं खुशी मेहडा द्वितीय रहीं। भारतीय समूह गायन में खुशी मेहडा एवं उनके दल ने प्रथम, जबकि मोनाली मरावी एवं उनके दल ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं, पाश्चात्य समूह गायन में द्विकल कालौशिया एवं उनका दल विजेता रहा।
युवा उत्सव प्रभारी डॉ. रश्मि हरित ने बताया कि दूसरे दिन कुल 12 विधाओं की प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. हिना हरित सहित प्रोफेसर संजय बिजोलिया, डॉ. हीर सिंह राजपूत, प्रोफेसर अविनाश बहरिया, नेहा प्रजापत, दिव्या जिंदल, ज्योति पवार, संगीता शर्मा, जूली भरंग एवं सिमरन बी ने आयोजन में विशेष सहयोग प्रदान किया।
प्राचार्या डॉ. प्रतिभा कालानी ने छात्राओं की संगीत साधना, आत्मविश्वास और उत्कृष्ट प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवा उत्सव छात्राओं की प्रतिभा को पहचानने, निखारने और अपनी कला को व्यापक मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने छात्राओं से आगामी प्रतियोगिताओं में भी उत्साहपूर्वक भाग लेने का आह्वान किया।
तृतीय दिवस पर होंगी भाषण, प्रश्नमंच और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं
युवा उत्सव के तीसरे दिन हिंदी एवं अंग्रेजी भाषण, प्रश्नमंच तथा वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।