नीमच। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 17 नवंबर 2026 को प्रस्तावित नीमच जिला दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू एवं कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने मनासा कृषि उपज मंडी स्थित आमसभा स्थल, हवाई पट्टी और पार्किंग स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान आमसभा के साथ विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया जाना है।
निरीक्षण के दौरान विधायक एवं कलेक्टर ने कृषि उपज मंडी में बनाए जा रहे आमसभा स्थल पर मंच, ग्रीन रूम, बैठक व्यवस्था और विभिन्न वर्गों के लिए निर्धारित सेक्टरों का जायजा लिया। इनमें हितग्राहियों, जनप्रतिनिधियों, महिला एवं पुरुष नागरिकों तथा मीडिया के लिए अलग-अलग व्यवस्था शामिल है। इसके साथ ही प्रवेश एवं निकासी मार्ग, पेयजल, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की भी समीक्षा की गई।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमसभा में आने वाले नागरिकों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए बैठक, प्रवेश और निकासी की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और कार्यक्रम स्थल पर जरूरी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराएं।
इसके बाद विधायक एवं कलेक्टर ने मुख्यमंत्री के आगमन के मद्देनजर हवाई पट्टी का निरीक्षण किया। साथ ही शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मनासा और ताल वाला खेत क्षेत्र में प्रस्तावित पार्किंग स्थलों का जायजा लेकर वाहनों की पार्किंग एवं आवागमन व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने भी आमसभा स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने और यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों और विशिष्ट अतिथियों को आवागमन में परेशानी न हो।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, एडीएम बी.एस. कलेश, नीमच एसडीएम पराग जैन, जावद एसडीएम संजीव साहू, मनासा एसडीएम मयूरी जोक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, डिप्टी कलेक्टर चंद्र सिंह धारवे सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।