नीमच। प्रदेश को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे राज्य स्तरीय एंटी नारकोटिक्स अभियान के तहत नीमच कैंट पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 32 किलो 765 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो बैग में भरा डोडाचूरा बरामद किया गया।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा नीमच कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
भरभड़िया फंटा पर दो बैग लेकर खड़ा था आरोपी-
पुलिस के अनुसार, 15 नवंबर 2026 को थाना क्षेत्र में भ्रमण के दौरान उपनिरीक्षक दीवान सिंह चौहान पुलिस टीम के साथ भरभड़िया फंटा पहुंचे। वहां एक व्यक्ति हाथ में काले रंग का पिट्ठू बैग और आसमानी रंग का बैग लेकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस को देखकर वह घबराने लगा और वहां से जाने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल पिता प्रहलाद चौहरा, निवासी खटीक मोहल्ला, सरवानिया महाराज, थाना जावद बताया। पुलिस के अनुसार, बैग के संबंध में पूछने पर उसने उनमें डोडाचूरा होना स्वीकार किया। इसके बाद एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों का पालन करते हुए दोनों बैग की तलाशी ली गई, जिसमें कुल 32.765 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा मिला। पुलिस ने मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस मामले में नीमच कैंट थाने पर अपराध क्रमांक 579/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड प्राप्त किया है। फिलहाल उससे जब्त डोडाचूरा के स्रोत और इससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ शर्मा, उपनिरीक्षक दीवान सिंह चौहान, प्रधान आरक्षक शिवपाल यादव, प्रधान आरक्षक अमित भावसार, प्रधान आरक्षक सुनील वर्मा एवं आरक्षक ईश्वर सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।