मंदसौर। जिले के अफजलपुर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 89 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा जब्त किया है। पुलिस ने मौके से पंजाब निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही ग्रे रंग की महिंद्रा XUV500 कार भी जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थ और वाहन की कुल अनुमानित कीमत 7 लाख 80 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मीना के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय द्वारा चलाए जा रहे एंटी नारकोटिक्स विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तेरसिंह बघेल एवं एसडीओपी मंदसौर ग्रामीण गिरीश जेजूलकर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को सूचना मिली थी कि ग्रे रंग की महिंद्रा XUV500 कार क्रमांक UP16AZ6768 में डोडाचूरा भरकर एक व्यक्ति भाटरेवास से सीतामऊ होते हुए आठ लेन के रास्ते पंजाब की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने दलौदा-बिलांत्री आम रोड स्थित हाई स्कूल के पास नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए की कार वहां पहुंची। पुलिस ने घेराबंदी कर कार को रोका। इस दौरान चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम वरिंदर सिंह पिता हरजिंदर सिंह, उम्र 35 वर्ष, निवासी जर्ग, थाना पायल, जिला लुधियाना, पंजाब बताया।
कार की तलाशी लेने पर डिक्की में रखे सात प्लास्टिक के कट्टों से कुल 89 किलो 300 ग्राम अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने डोडाचूरा भाटरेवास निवासी जीवन से लाना बताया है। जीवन को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है, जो फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
जब्त सामग्री: पुलिस ने 89 किलो 300 ग्राम डोडाचूरा, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 80 हजार रुपये है, तथा महिंद्रा XUV500 कार, जिसकी कीमत करीब 6 लाख रुपये बताई गई है, जब्त की है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक विकास गेहलोत एवं अफजलपुर थाना पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।