मंदसौर। शहर के जनकुपुरा क्षेत्र में गुरुवार रात लूडो खेलने के दौरान शुरू हुआ विवाद मारपीट और पत्थरबाजी तक पहुंच गया। अशोक टॉकीज और गणपति चौक के बीच रात करीब 11 बजे कुछ युवकों ने निलेश नामक युवक के साथ कथित तौर पर बेल्ट और पत्थरों से हमला कर मारपीट की। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक पत्थर फेंकते दिखाई दे रहे हैं। घायल निलेश को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया।
पुरानी रंजिश को लेकर हुआ विवाद-
निलेश पिता भोजराज देबाना (35), निवासी नयापुरा रोड, सांखला भवन के सामने ने अपने दोस्त चिराग राठौर के साथ सिटी कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। निलेश ने पुलिस को बताया कि वह अशोक टॉकीज के पास एक चाय की दुकान पर दोस्तों के साथ लूडो खेल रहा था। इसी दौरान पियूष गंधर्व और उसका भाई नीनू गंधर्व, निवासी धनकुट्टा गली, वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी और उसके साथ मारपीट करने लगे।
शिकायत के अनुसार, पियूष ने बेल्ट से हमला किया, जबकि नीनू ने लात-घूंसों से मारपीट की। इसी दौरान प्रेम पिता राजू सोनी, भावेश बच्चा और उनके दो अन्य साथी भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि प्रेम ने पत्थर से हमला किया, जिससे निलेश के पेट के दाहिने हिस्से में चोट आई। वहीं, बेल्ट से मारपीट के कारण उसकी पीठ और सिर पर भी चोटें आईं। शोर सुनकर दोस्त चिराग ने बीच-बचाव कर उसे बचाया।
पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज-
सिटी कोतवाली पुलिस ने शिकायत के आधार पर पियूष गंधर्व, नीनू गंधर्व, प्रेम सोनी, भावेश और एक अन्य आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296(b), 351(3), 3(5) और 324(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा घटना की विवेचना की जा रही है।