चित्तौड़गढ़। नीमच जिले के विभिन्न थानों में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के तीन अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे इनामी आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल करने वाली चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (डीएसटी) को सम्मानित किया गया है। नीमच पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने टीम को कुल 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार एवं रिवॉर्ड रोल प्रदान किया। इस संबंध में 11 नवंबर को तीन अलग-अलग आदेश जारी किए गए।
पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि नीमच जिले के रतनगढ़, नीमच सिटी एवं जीरन थानों में दर्ज एनडीपीएस प्रकरणों में वांछित आरोपी रोशन, जसवंत सिंह और सोहनलाल पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित था। चित्तौड़गढ़ डीएसटी ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर संबंधित पुलिस थानों के सुपुर्द किया था।
इस सराहनीय कार्रवाई के लिए डीएसटी प्रभारी एएसआई सूरज कुमार सहित टीम के सदस्यों को पुरस्कृत किया गया। सम्मानित होने वालों में एएसआई राजकुमार (साइबर सेल), कांस्टेबल अरविंद, कृष्णकांत, अशोक, वीरेंद्र, देवेंद्र, सुरेश सुंडा, रामकेश एवं जगदीश शामिल हैं।
नीमच पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को कुल 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार एवं रिवॉर्ड रोल प्रदान कर उनकी कार्रवाई की सराहना की गई।