गरोठ। मंदसौर जिले के गरोठ सिविल अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद रविवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के परिजनों और भीम आर्मी आजाद पार्टी के सदस्यों ने अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की। प्रदर्शनकारियों ने लाठी-डंडों से डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के चैंबर के कांच तोड़ दिए तथा दवाइयां और अन्य सामान फेंक दिया। अचानक हुए इस हंगामे के दौरान अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ ने भागकर अपनी जान बचाई। वहीं, दहशत के चलते मरीजों ने वार्ड के दरवाजे बंद कर लिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह आशा बागरी, पति जगदीश बागरी को प्रसव के लिए गरोठ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार सुबह डिलीवरी के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें झालावाड़ रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शनिवार शाम महिला का शव गरोठ अस्पताल पहुंचने के बाद परिजनों ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराने और मामले में दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
स्टाफ को निलंबित करने की मांग-
रविवार सुबह भीम आर्मी आजाद पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रिंस उर्फ शंभू सूर्यवंशी भी अस्पताल पहुंचे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ को निलंबित करने के साथ ही उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी गई। इसी दौरान अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ की घटना हुई।
अधिकारियों को भेजा ज्ञापन, जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन-
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ. मनीष पंजाबी ने बताया कि परिजनों की ओर से दिया गया ज्ञापन वरिष्ठ अधिकारियों को भेज दिया गया है और उनसे आगे की कार्रवाई के संबंध में मार्गदर्शन मांगा गया है। उन्होंने कहा कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, गरोठ थाना पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। महिला का पोस्टमार्टम मेडिकल बोर्ड से कराया जाएगा, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
महिला रोग विशेषज्ञ की कमी का मुद्दा फिर उठा-
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने गरोठ सिविल अस्पताल में महिला रोग विशेषज्ञ की कमी का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण प्रसूताओं को इलाज और प्रसव के लिए दूसरे शहरों में जाना पड़ता है। लोगों ने अस्पताल में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की है।