नीमच। शहर में चोरी की वारदातों और प्रयासों से लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला जवाहर नगर विस्तार से सामने आया है, जहां एक परिवार के सत्संग में जाने के दौरान चार संदिग्धों ने सूने मकान में घुसने की कोशिश की। संदिग्धों ने पहले मकान के मंदिर की ओर बना उजालदान तोड़ा और फिर मुख्य गेट तोड़ने का प्रयास किया। उनकी गतिविधियां मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।
मामले में विकास मूलचंदानी अपने अंकल के मकान में चोरी की कोशिश की शिकायत लेकर कैंट थाने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके अंकल गुलाबचंद जी मूलचंद लालवानी का परिवार सत्संग में गया हुआ था। इसी दौरान रात करीब पौने दो बजे चार संदिग्ध मकान में घुसने पहुंचे।
घटना जवाहर नगर विस्तार स्थित मकान नंबर 116-155 की है। बताया गया कि संदिग्धों ने पहले मंदिर की तरफ बना उजालदान तोड़ा और इसके बाद मुख्य गेट को तोड़ने का प्रयास किया।
कुत्ते के भौंकने से खुली ऊपरी मंजिल पर रहने वाले की नींद-
इसी दौरान मकान के ऊपरी हिस्से में रहने वाले सन्नी लालवानी की नींद पालतू कुत्ते के भौंकने से खुल गई। उन्होंने आवाज लगाई तो उन्हें तीन संदिग्ध दिखाई दिए। हालांकि, उन्हें पड़ोसी समझकर वे दोबारा सो गए। बाद में मकान में चोरी की कोशिश की जानकारी सामने आई।
बताया जा रहा है कि चारों संदिग्धों की गतिविधियां मकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और आगे की कार्रवाई की जाएगी।