राजसमंद। जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में 4 नवंबर को हुई 26 वर्षीय युवक सुरेश उर्फ सुरेंद्र सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुरानी रंजिश के चलते युवक की बेरहमी से मारपीट कर हत्या की गई थी। वारदात के बाद आरोपी शव को आरके अस्पताल में छोड़कर फरार हो गए थे। राजसमंद पुलिस और चित्तौड़गढ़ जिला विशेष टीम (DST) की संयुक्त कार्रवाई में गैंग के सरगना सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर को सलुस रोड स्थित झील किनारे जंगल में आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते सुरेश उर्फ सुरेंद्र सिंह के साथ जमकर मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इस दौरान उसके साथी सुरेंद्र सिंह राव के साथ भी गंभीर मारपीट की गई। वारदात के बाद आरोपी मृतक के शव को आरके अस्पताल में छोड़कर मौके से फरार हो गए।
CCTV और तकनीकी जांच से खुला राज
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमंत कलाल के निर्देश पर विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल, कांकरोली-राजनगर मार्ग और आरके अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
इस कार्रवाई में चित्तौड़गढ़ DST प्रभारी एएसआई सूरज कुमार और उनकी टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम ने मुख्य आरोपी और गैंग सरगना को पकड़ने में मदद की।
गैंग सरगना समेत ये 5 आरोपी गिरफ्तार
1. हासिम खान उर्फ मोहिद खान पठान (34), निवासी आजाद नगर जलचक्की, कांकरोली।
2. दिलशाद शेख (24), निवासी आजाद नगर जलचक्की, कांकरोली।
3. मोहम्मद ईकलाश उर्फ माहिर (64), निवासी भील बस्ती, सनवाड़।
4. निखिल जोशी (22), निवासी किशोर नगर, राजनगर।
5. समीर शेख उर्फ गटा (21), निवासी जलचक्की आजाद नगर, कांकरोली।
हत्या में इस्तेमाल वाहन और मृतक का सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल बोलेरो कैंपर और स्कूटी जब्त की है। इसके अलावा मृतक की मोटरसाइकिल और लूटा गया मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
इस पूरे हत्याकांड का खुलासा करने में राजसमंद पुलिस, साइबर सेल और चित्तौड़गढ़ DST की टीम की अहम भूमिका रही।