मनासा। मनासा थाना क्षेत्र के भाटखेड़ी बायपास पर रविवार शाम करीब 5.30 बजे मुकेश के ढाबे के पास स्थित एक कुएं में व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही डायल-112 और मनासा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकलवाया।
प्रारंभिक अनुमान के अनुसार शव करीब दो दिन पुराना बताया जा रहा है। मृतक की पहचान अंतर सिंह पिता रामसिंह कुशवाह (35 वर्ष), निवासी बामनी, तहसील गरोठ, जिला मंदसौर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अंतर सिंह मनासा में अपनी बहन के यहां रहकर मजदूरी करता था।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल मनासा पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।