इंदौर। शहर के कनाडिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक खाली मैदान में खड़ी कार की जांच के दौरान करीब 80 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। मौके से पुलिस ने दो लोगों, तिलक गामी और मनोज गामी को हिरासत में लिया है। दोनों व्यक्ति बरामद नकदी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।
जानकारी के अनुसार, कनाडिया थाना पुलिस ने खाली मैदान में खड़ी एक कार को चेक किया। तलाशी के दौरान कार से करीब 80 लाख रुपये नकद मिले। पुलिस ने नकदी जब्त कर कार सहित दोनों व्यक्तियों को थाने पहुंचाया, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि बरामद रकम हवाला कारोबार से जुड़ी हो सकती है। हालांकि, नकदी के स्रोत और इसके वास्तविक उपयोग को लेकर पुलिस की जांच जारी है। पुलिस पूछताछ और जांच के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।