गरोठ। प्रसव के दौरान प्रसूता की मौत के मामले में परिजनों और समाजजनों का विरोध प्रदर्शन जारी है। रविवार को परिजनों एवं समाजजनों ने अस्पताल का घेराव कर विरोध जताया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए घटना के समय मौजूद स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने सरदार पटेल चौराहे पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
मामले में कार्रवाई करते हुए एएनएम अंजली धुर्वे को गरोठ अस्पताल से हटाकर मंदसौर अटैच कर दिया गया है। वहीं, बीएमओ डॉ. मनीष पंजाबी ने बताया कि मामले की जांच के लिए एक टीम गठित की गई है। जांच टीम को पांच दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
परिजनों की मांग है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और प्रसूता की मौत के लिए जो भी जिम्मेदार पाया जाए, उसके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए। फिलहाल सभी की नजर जांच रिपोर्ट और प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।