नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया मिर्च में 26 वर्षीय नवविवाहिता की कुएं में डूबने से मौत हो गई। मृतका की शादी महज सात महीने पहले हुई थी। घटना के बाद पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या कर शव कुएं में फेंकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, टीना (26) की शादी सात महीने पहले बबलू से हुई थी। वह पिपलिया मिर्च के बावरी मोहल्ले में रहती थी, जबकि उसका पीहर मनासा क्षेत्र में है। परिजनों के मुताबिक, बुधवार सुबह टीना अचानक ससुराल से लापता हो गई। करीब 11 बजे ससुराल पक्ष की ओर से फोन कर सूचना दी गई कि उसकी कुएं में डूबने से मौत हो गई है। सूचना मिलते ही पीहर पक्ष के लोग गांव पहुंचे और नीमच सिटी पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस की मदद से टीना का शव कुएं से बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पिता का आरोप- ससुराल पक्ष कर रहा था 9 लाख रुपये की मांग
टीना के पिता और अन्य परिजनों ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले उसे दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि टीना के साथ अक्सर विवाद किया जाता था और उसे अपने माता-पिता से फोन पर बात करने तक नहीं दी जाती थी।
पिता के अनुसार, ससुराल पक्ष की ओर से 9 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। इस मांग को लेकर टीना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था। पीहर पक्ष ने आशंका जताई है कि टीना की हत्या कर शव कुएं में फेंका गया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बयानों के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, पीहर पक्ष की ओर से लगाए गए दहेज प्रताड़ना और हत्या के आरोपों सहित सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।