मनासा। नीमच जिले के ग्राम तलाऊ में गुरुवार को दिनदहाड़े हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई। गांव में पोरवाल किराना स्टोर पर खड़े 50 वर्षीय व्यक्ति पर पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया गया। हमले में गंभीर चोट लगने से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। सरेआम हुई इस वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कुकड़ेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी रामसिंह पिता देवीलाल रावत ने पोरवाल किराना स्टोर पर खड़े प्रभूलाल पिता शिवलाल रावत (50 वर्ष) पर पीछे से कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने प्रभूलाल की गर्दन के पीछे कुल्हाड़ी से तीन वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले से पहले आरोपी ने घटनास्थल पर मौजूद तीन अन्य लोगों के साथ भी धक्कामुक्की की थी। इसके बाद उसने प्रभूलाल पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। अचानक हुई इस वारदात से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर कुकड़ेश्वर पुलिस गांव पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल मनासा भिजवाया। परिजनों, गांव के चौकीदार गोवर्धन रावत और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हत्या के कारणों का खुलासा नहीं-
फिलहाल हत्या के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस आरोपी और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दिनदहाड़े किराना दुकान पर हुई इस वारदात ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।