नीमच। जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्र निर्माण में उसके अतुलनीय योगदान को सम्मान देने के उद्देश्य से रविवार को ग्राम दलपतपुरा में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह उत्साह और उमंग के साथ आयोजित किया गया। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित इस समारोह में जनजातीय परंपराओं, लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता की अनुपम झलक देखने को मिली। भव्य कलशयात्रा एवं सांस्कृतिक रैली के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। जनजातीय विद्यार्थियों ने पारंपरिक लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लिया। वहीं, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
प्रधानमंत्री मोदी का हितग्राहियों से संवाद, हुआ सीधा प्रसारण-
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से महाराष्ट्र, गुजरात एवं तेलंगाना में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम और संबोधन का ग्राम दलपतपुरा में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री का संबोधन देखा और सुना।
कलशयात्रा और सांस्कृतिक रैली में दिखा जनजातीय संस्कृति का रंग
जिला स्तरीय समारोह का शुभारंभ भगवान देवनारायण मंदिर, दलपतपुरा से भव्य कलशयात्रा एवं सांस्कृतिक रैली के साथ हुआ। रैली में सांसद सुधीर गुप्ता, जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के गणमान्य नागरिकों, अधिकारियों-कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने सहभागिता की। डीजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन पर निकली रैली में पारंपरिक वेशभूषा धारण किए बड़ी संख्या में बालिकाओं एवं महिलाओं ने सिर पर कलश रखकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्राम के प्रमुख मार्गों से होती हुई यह रैली सामुदायिक भवन (डोम) पहुंची, जहां समारोह का आयोजन किया गया।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और बलिदान को किया याद-
समारोह में अतिथियों ने मां सरस्वती एवं धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्ज्वलित किया। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं साफा बांधकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर सांसद सुधीर गुप्ता ने अपने संबोधन में भगवान बिरसा मुंडा के अदम्य साहस, संघर्ष और देश की स्वतंत्रता के लिए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष, स्वाभिमान तथा मातृभूमि के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है। जनजातीय समाज ने देश की स्वतंत्रता, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ऐसे महान जननायकों के जीवन और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी का दायित्व है।
विधायक दिलीप सिंह परिहार ने भी भगवान बिरसा मुंडा सहित जनजातीय समाज के अन्य महान स्वतंत्रता सेनानियों और नायकों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपराएं, समृद्ध संस्कृति और प्रकृति के प्रति उसका जुड़ाव भारतीय सभ्यता की अमूल्य धरोहर हैं। जनजातीय गौरव दिवस ऐसे महान नायकों के संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ ही समाज की प्रतिभाओं, परंपराओं और उपलब्धियों को सम्मान देने का अवसर है। उन्होंने सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
लोकनृत्य की प्रस्तुतियों ने मोहा मन, मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान
समारोह में जनजातीय कार्य विभाग नीमच द्वारा संचालित छात्रावासों की छात्राओं ने आकर्षक जनजातीय लोकनृत्य प्रस्तुत किए। पारंपरिक वेशभूषा और लोकशैली में दी गई इन प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने जनजातीय समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनोहारी झलक पेश की। उपस्थित अतिथियों एवं जनसमुदाय ने तालियों के साथ प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर कक्षा 10वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर उत्तीर्ण होने वाले जनजातीय विद्यार्थियों तथा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में संभाग एवं जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल और अन्य क्षेत्रों में निरंतर आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा से समाज और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की रही उपस्थिति-
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान श्शिवाजीश्, जनपद पंचायत अध्यक्ष शारदाबाई मदनलाल धनगर, कलेक्टर हिमांशु चंद्रा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, वंदना खंडेलवाल, नीलेश पाटीदार, जनपद पंचायत सदस्य रतनलाल मालावत, मदन गुर्जर, नगर पालिका नीमच की पार्षद किरण शर्मा एवं ग्राम पंचायत सरपंच डांड़मचंद्र पटेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे।
समारोह में जनप्रतिनिधियों, जनजातीय समाज के गणमान्य नागरिकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
जनजातीय गौरव दिवस का यह आयोजन भगवान बिरसा मुंडा के शौर्य, संघर्ष और बलिदान को नमन करने के साथ जनजातीय समाज की सांस्कृतिक पहचान, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में उसके योगदान को सम्मान देने का संदेश दे गया।