देवास। पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के निर्देश पर जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने मोती बंगला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21.03 ग्राम एमडी ड्रग्स, एक मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन सहित कुल ₹90 हजार का मश्रूका जब्त किया है।
कोतवाली थाना प्रभारी शशिकांत चौरसिया के अनुसार, रात्रि गश्त के दौरान पुलिस टीम को मोती बंगला आउटर स्थित शिवशक्ति ग्राउंड के पास रेलवे ट्रैक के नजदीक एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से जाता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 21.03 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई। जब्त ड्रग्स की अनुमानित कीमत ₹25,200 बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबुल हसन पिता अबुल कलाम खान निवासी कर्मचारी कॉलोनी, देवास के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया है।
उक्त कार्रवाई में निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, उपनिरीक्षक उपेन्द्र नाहर, प्रधान आरक्षक राकेश वर्मा तथा आरक्षक प्रदीप कुमार ओझा एवं धर्मेन्द्र भिलाला की सराहनीय भूमिका रही।