सरवानिया महाराज। जावद थाना क्षेत्र की सरवानिया महाराज पुलिस चौकी अंतर्गत खेतों और कुओं से सिंचाई उपकरणों की चोरी के मामलों में एक माह से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। क्षेत्र के करीब एक दर्जन किसानों के खेतों और कुओं से विद्युत मोटर, स्टार्टर, केबल, पाइप और स्प्रिंकलर फव्वारे चोरी होने के बाद पीड़ित किसान कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं। इस मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
अक्टूबर में हुई थी चोरी की वारदातें-
जानकारी के अनुसार, अक्टूबर माह की 10 तारीख के आसपास अज्ञात बदमाशों ने सरवानिया पटवारी हलके और आसपास के क्षेत्रों में किसानों के खेतों व कुओं को निशाना बनाया था। बदमाश सिंचाई के लिए लगी विद्युत मोटरें, स्टार्टर, कीमती केबल, पाइप और खेतों में बिछे स्प्रिंकलर फव्वारे चुरा ले गए। रबी फसल के सीजन में सिंचाई उपकरण चोरी होने से किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई। पीड़ित किसानों ने घटना के बाद पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायतें भी दीं, लेकिन अब तक चोरी का खुलासा नहीं हो सका है।
किसानों की बैठक के बाद हरकत में आई पुलिस-
पीड़ित किसानों का आरोप है कि शिकायत देने के बाद करीब 10 से 12 दिनों तक पुलिस ने घटनास्थलों का निरीक्षण तक नहीं किया। चौकी प्रभारी गोपाल तनान के कथित ढीले रवैये से नाराज किसानों ने बैठक कर मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक से करने की बात कही। इसके बाद 20 अक्टूबर के बाद पुलिस टीम खेतों पर पहुंची और घटनाओं की जानकारी लेकर जल्द चोरी गए सामान की बरामदगी तथा आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया।
एक माह बाद भी कार्रवाई का इंतजार-
किसानों का कहना है कि हजारों रुपये के विद्युत उपकरण, पाइप, केबल, स्टार्टर और स्प्रिंकलर फव्वारे चोरी हो चुके हैं, लेकिन अब तक न तो सामान बरामद हुआ और न ही आरोपियों का पता चल पाया है। किसान राजू पिता रामचंद्र पाल ने बताया कि घटना को एक माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस चोरी का पता नहीं लगा सकी। उनका कहना है कि पीड़ित किसानों को घटनास्थल का निरीक्षण कराने से लेकर मामले में कार्रवाई करवाने तक लगातार प्रयास करने पड़ रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी है कि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले से अवगत कराएंगे।
इनका कहना है-
जावद थाना प्रभारी मनोज सिंह जादौन ने कहा कि सरवानिया के कृषि क्षेत्र में एक माह पहले हुई चोरी की घटनाएं उनके संज्ञान में आई हैं। वे चौकी प्रभारी से चर्चा कर मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई करवाएंगे।
वहीं, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी हर्ष राठौर ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है। कितनी शिकायतें दर्ज हुई हैं और वर्तमान में जांच की क्या स्थिति है, इसकी जानकारी लेकर कार्रवाई करवाई जाएगी।