नीमच। जलगंगा संवर्धन अभियान 3.0 के तहत जिले में जल संरक्षण, भूजल पुनर्भरण और पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जाएंगे। अभियान की तैयारियों को लेकर कलेक्टर हिमांशु चंद्रा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। शासन के निर्देशानुसार यह अभियान 15 नवंबर 2026 से 30 जून 2027 तक संचालित होगा।
बैठक में जिले की भूजल स्थिति की समीक्षा के दौरान बताया गया कि नीमच एवं जावद विकासखंड ओवर एक्सप्लॉयटेड श्रेणी में हैं, जबकि मनासा विकासखंड सेमी क्रिटिकल श्रेणी में शामिल है। इसे देखते हुए कलेक्टर ने वर्षा जल संचयन और भूजल स्तर में सुधार के लिए प्रभावी कार्ययोजना तैयार कर समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
तालाबों और पारंपरिक जल स्रोतों का होगा संरक्षण-
कलेक्टर ने पूर्व निर्मित तालाबों, चेकडैम, स्टॉपडैम और अन्य जल संरचनाओं का सर्वे कर आवश्यक मरम्मत एवं जीर्णाेद्धार कराने के निर्देश दिए। साथ ही तालाबों और बावड़ियों की साफ-सफाई, गहरीकरण, कैचमेंट एरिया के विकास तथा जल आवक मार्गों को व्यवस्थित करने पर जोर दिया। जल संरचनाओं के चौनलों की डी-सिल्टिंग कर जल प्रवाह सुचारु बनाने के निर्देश भी दिए गए।
भूजल पुनर्भरण के लिए बनेंगे रिचार्ज स्ट्रक्चर-
वर्षा जल को जमीन में पहुंचाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर रिचार्ज पिट, रिचार्ज शाफ्ट और अन्य संरचनाओं का निर्माण कराया जाएगा। अनुपयोगी एवं बंद बोरवेल को तकनीकी मानकों के अनुसार रिचार्ज वेल के रूप में विकसित करने तथा शासकीय एवं अन्य उपयुक्त भवनों में रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
तालाबों की गाद किसानों के खेतों तक पहुंचाई जाएगी-
सभी ग्राम पंचायतों में आवश्यकता के अनुसार तालाबों एवं अन्य जल स्रोतों की डी-सिल्टिंग कराई जाएगी। इससे निकलने वाली उपजाऊ मिट्टी और गाद किसानों के खेतों तक पहुंचाई जाएगी, जिससे खेतों की उर्वरता बढ़ने के साथ तालाबों की जल संग्रहण क्षमता में भी वृद्धि होगी। इसके अलावा नालों की सफाई, जल आवक एवं निकासी मार्गों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
कंटूर ट्रेंचिंग और खेत तालाब निर्माण को मिलेगा बढ़ावा-
कलेक्टर ने सभी ग्राम पंचायतों में भौगोलिक एवं तकनीकी उपयुक्तता के अनुसार कंटूर ट्रेंचिंग के कार्य कराने को कहा। जलग्रहण क्षेत्रों में वर्षा जल रोकने, भूमि कटाव नियंत्रित करने और मिट्टी में नमी बनाए रखने के लिए आवश्यक संरचनाएं विकसित की जाएंगी। किसानों को खेत तालाब निर्माण, मेड़बंदी और अन्य जल संरक्षण कार्यों के लिए प्रोत्साहित करने के साथ पात्र हितग्राहियों को शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश भी दिए गए।
पौधारोपण के साथ जनभागीदारी पर भी जोर-
अभियान के तहत जल संरचनाओं के आसपास एवं उपयुक्त शासकीय भूमि पर पौधारोपण किया जाएगा। साथ ही पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं, किसानों और आम नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
जल संरक्षण के कार्यों के लिए वीबी-जी राम जी योजना, आईडब्ल्यूएमपी, सांसद निधि, जनसहयोग, सीएसआर एवं अन्य विभागीय योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय संसाधनों का समन्वय कर कार्य कराए जाएंगे। प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने कहा कि जलगंगा संवर्धन अभियान जिले में भूजल स्तर सुधारने और भविष्य की जल आवश्यकताओं को सुरक्षित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए वर्षा ऋतु से पहले प्रस्तावित कार्य पूर्ण करें। उन्होंने कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता और उपयोगिता पर विशेष ध्यान देने के साथ जनसहभागिता से अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अमन वैष्णव, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी अरविंद डामोर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।