नीमच। देवउठनी ग्यारस एवं आगामी विवाह आयोजनों के मद्देनजर जिले में बाल विवाह की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के तहत जिले के विभिन्न अधिकारियों को बाल विवाह प्रतिषेध अधिकारी नियुक्त करते हुए जिला, अनुविभाग, तहसील, विकासखंड एवं नगरीय स्तर पर निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी है।
जारी आदेश के अनुसार जिला स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर, अनुविभाग स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसील स्तर पर तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार तथा ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में संबंधित अधिकारियों को बाल विवाह रोकने की जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि शासकीय विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया जाए। आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ताओं, ग्राम कोटवारों तथा पंचायत सचिवों के माध्यम से 18 वर्ष से कम आयु की अविवाहित किशोरियों की जानकारी संकलित कर संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए। साथ ही परिवारों को बाल विवाह नहीं करने के लिए समझाइश दी जाए।
जनप्रतिनिधियों और विवाह आयोजनों से जुड़े सेवा प्रदाताओं को करेंगे जागरूक-
जिले एवं विकासखंड स्तर पर बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 को लेकर कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। मैरिज गार्डन संचालकों, हलवाई, कैटरर्स, धर्मगुरुओं, बैंड-बाजा संचालकों, ट्रांसपोर्टर्स सहित विवाह समारोहों से जुड़े अन्य सेवा प्रदाताओं को जागरूक कर बाल विवाह में सेवाएं नहीं देने की अपील की जाएगी।
इसके अलावा 20 नवंबर 2026 को ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों तथा नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों द्वारा बाल विवाह नहीं होने देने की शपथ ली जाएगी। शपथ को पंचायत एवं वार्ड कार्यालयों में भी प्रदर्शित किया जाएगा। सोशल मीडिया, व्हाट्सएप समूहों और दीवार लेखन के माध्यम से भी जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इन हेल्पलाइन नंबरों पर दे सकते हैं बाल विवाह की सूचना-
बाल विवाह की रोकथाम के लिए महिला एवं बाल विकास कार्यालय में जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। नागरिक बाल विवाह की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, महिला हेल्पलाइन नंबर 181 एवं पुलिस सहायता नंबर 112 पर दे सकते हैं।
इसके अतिरिक्त वन स्टॉप सेंटर के मोबाइल नंबर 9893953809 तथा महिला एवं बाल विकास कार्यालय के दूरभाष नंबर 07423-257050 पर भी सूचना दी जा सकती है।
कलेक्टर हिमांशु चंद्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाल विवाह की सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक कार्रवाई करें तथा बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 के प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें।