नीमच। न्यायोत्सव विधिक सेवा सप्ताह के अंतर्गत आमजन को उनके विधिक अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता एवं विभिन्न विधिक सेवा योजनाओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 20 नवंबर 2026 को विधिक सेवा जागरूकता बाइक रैली का आयोजन किया जाएगा।
रैली सुबह 10 बजे नवीन जिला न्यायालय परिसर, नीमच से प्रारंभ होगी। इसका शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राजपूत हरी झंडी दिखाकर करेंगे।
इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश विशाल अखंड ने आमजन, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में रैली में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने नागरिकों से अपनी बाइक अथवा स्कूटी के साथ हेलमेट पहनकर निर्धारित समय पर नवीन जिला न्यायालय परिसर पहुंचने का आग्रह किया है।
उन्होंने बताया कि रैली का मुख्य उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक निःशुल्क विधिक सहायता, कानूनी अधिकारों और विभिन्न जनकल्याणकारी विधिक योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है। आमजन की सक्रिय सहभागिता से विधिक जागरूकता का संदेश व्यापक स्तर पर प्रसारित किया जा सकेगा।