NEWS : माउंट आबू में नक्की झील की सफाई का अभियान तेज, सीवरेज का पानी रोकने के लिए जोधपुर से पहुंचीं 3 मशीनें, पढे़ अनिल ऐरन की खबर
माउंट आबू। विश्व प्रसिद्ध नक्की झील को स्वच्छ बनाने और झील में जा रहे सीवरेज के पानी को रोकने के लिए नगर पालिका प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य और आयुक्त त्रिकमदान चारण की मौजूदगी में सफाई अभियान शुरू किया गया। राजस्थान सरकार के रूडीप विभाग के अधिकारी और पालिका प्रशासन मौके पर जुटे हुए हैं। नगर पालिका अध्यक्ष सुनील आचार्य ने पदभार संभालने के दूसरे दिन ही नक्की झील में प्रदूषण रोकने की मांग को लेकर रूडीप विभाग के अधिकारियों को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था। उन्होंने चेतावनी दी थी कि यदि शहर के सभी सीवरेज चौंबरों की सफाई कर झील में गंदे पानी की आवक नहीं रोकी गई, तो वे धरने पर बैठेंगे। इसके बाद स्थानीय प्रशासन और जिला कलेक्टर के निर्देश पर जोधपुर नगर निगम से चौंबरों की सफाई करने वाली तीन मशीनें और टीम माउंट आबू पहुंची। टीम ने सुबह से ही सफाई कार्य शुरू कर दिया। नक्की झील में सीवरेज का पानी जाने से झील प्रदूषित हो रही थी। अब प्रशासन का प्रयास झील में गंदे पानी की आवक रोकने और सीवरेज चौंबरों की सफाई कर झील को स्वच्छ बनाने पर केंद्रित है।