मंदसौर। सुशासन सप्ताह के अंतर्गत आज सीतामऊ तहसील के गांव खजूरी मांडा एवं सुवासरा तहसील के गांव ढाबला देवल में एक विशेष चौपाल आयोजित की गई। इस चौपाल के माध्यम से प्रशासन गांव में पहुंचा तथा लोगों की समस्याएं सुनी एवं उनका निराकरण किया।
चौपाल के दौरान ग्राम खजूरी मांडा के लोगों के द्वारा कलेक्टर को अवगत कराया गया कि, गांव में पंचायत द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता की जा रही है। इसके साथ ही अपात्र व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किया जा रहा है। गांव में 45 आवासों में से 25 से 30 आवास अपात्र व्यक्तियों को प्रदान किए गए हैं। इसके साथ ही पंचायत में कोई भी कार्य आसानी से नहीं होता। इस पर कलेक्टर ने कहा कि पंचायत में हो रही अनियमितता की जांच के लिए एक दल बनाया जाएगा, जो 5 दिन में जांच करके रिपोर्ट प्रस्तुत करेगा।
गांव के लोगों के द्वारा गांव में संचालित प्राथमिक स्कूल में बच्चों को भोजन से ठीक से न मिलने, भोजन कम मात्रा मिलने एवं पानी जैसी सब्जी मिलने की शिकायत की गई। जिस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि मध्यान भोजन का किसी दिन आकस्मिक निरीक्षण करें तथा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देवें।
ग्राम सेवक को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामसेवक प्रति गुरुवार 11 बजे पंचायत में आकर बैठेंगे। इसके साथ ही पंचायत में बैठ, अपना मोबाइल नंबर भी पंचायत भवन पर चस्पा करेंगे। जिससे किसान किसी भी वक्त ग्रामसेवक से संपर्क कर सकें।
इसके साथ ही खाद, उचित मूल्य की दुकान, आंगनवाड़ी, पेंशन, आयुष्मान कार्ड, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान, सीमांकन, नामांतरण, बटवारा आदि के संबंध में भी कलेक्टर ने सभी लोगों से कहां की कोई समस्या हो तो तुरंत अवगत कराएं। उसका तुरंत समाधान होगा।