नीमच। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद, सुभाष शाखा, नीमच द्वारा निपानिया आश्रम परिसर में 51 औषधीय एवं जड़ी-बूटी युक्त पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रेरणादायक पहल की गई। इस अवसर पर परिषद सदस्यों ने पौधारोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम में लगाए गए पौधे भविष्य में जहां एक ओर हरित वातावरण और छायादार परिसर प्रदान करेंगे, वहीं दूसरी ओर औषधीय गुणों से भरपूर जड़ी-बूटियों के माध्यम से मानव स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर निपानिया गुरुजी का सान्निध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उपस्थित सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष मनीष गर्ग, सचिव प्रमोद मालू, पूर्व अध्यक्ष ललित राठी, महिला प्रमुख संध्या राठी, पूर्व महिला प्रमुख मीनाक्षी मालू, उपाध्यक्ष राकेश खंडेलवाल, पर्यावरण प्रमुख दशरथ नागदा, प्रवीण जैन, मनीष माहेश्वरी, दीपक ऐरन, वरिष्ठ सदस्य संतोष बंसल सहित बड़ी संख्या में परिषद सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी सदस्यों ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा समाज में वृक्षारोपण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का आह्वान किया।