नीमच। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat) नीमच, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) डूंगलावदा के संयुक्त तत्वावधान में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन आईटीआई डूंगलावदा परिसर में हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में संस्थान के प्राचार्य दिनेश परमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर विद्यार्थियों, युवाओं एवं संस्थान के प्राध्यापकों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
अपने संबोधन में प्राचार्य परमार ने कहा कि पौधारोपण के साथ-साथ पौधों का संरक्षण एवं नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से लगाए गए पौधों को विकसित करने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार के साथ प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राध्यापक जितेंद्र कुमार यादव ने की। संचालन कुलदीप राठौर (मेरा युवा भारत, नीमच) एवं रितिक नारोलिया (प्राध्यापक, आईटीआई) ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रेमलता वाल्के, अवंती जरिया, सलोनी चंदेल, भूपेंद्र कुमार व्यास सहित संस्थान के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।
यह आयोजन जिला युवा अधिकारी सौरभ श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।