उज्जैन। सुजलाम अंतर्राष्ट्रीय जल महोत्सव के अंतर्गत गत दिवस स्वामीनारायण मंदिर आश्रम में दोपहर 3 बजे जल महोत्सव की तैयारियों को लेकर नगर की समस्त सामाजिक, धार्मिक, स्वैच्छिक संगठन एवं प्रशासकीय समितियों की बैठक आयोजित की गई एवं अंर्तराष्ट्रीय जल महोत्सव प्रचार रथ को भगवा ध्वज दिखाकर प्रचार हेतु रवाना किया गया। बैठक का संचालन करते हुए सचिन शिम्पी जिला समन्वयक जनअभियान परिषद उज्जैन ने बताया कि जल महोत्सव में 26 दिसम्बर को प्रदेश स्तरीय जलागम कलश यात्रा सामाजिक न्याय परिसर से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई रामघाट पर समाप्त होगी। जिसमें प्रदेश और देशभर की नदियों के जल कलश के रूप में रहेंगे। इसमे नगर की सभी धार्मिक, सामाजिक एवं परिषद की नवांकुर, प्रस्फुटन समितियां यात्रा में रहेगी।
बैठक को विभाष उपाध्याय उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री) मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संबोधित किया गया। उन्होंने उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं को अंतर्राष्ट्रीय जल महोत्सव की विस्तृत रूपरेखा से अवगत कराते हुए 20 से 30 दिसंबर तक होने वाले समस्त कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जल तत्व को लेकर अलग-अलग आयामो पर विभिन्न कार्यक्रम जैसे कला संगम, सृजन हस्तशिल्प मेला, जलागम कलश यात्रा, पर्यावरण सरंक्षण को लेकर पंच महाभूत के जल तत्व विषय पर सेमिनार एवं जल स्तम्भ अनावरण कार्यक्रम होंगे। बैठक में प्रशासन की ओर से प्रशासकीय सहयोग हेतु जिला कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि उज्जैन में हो रहे जल महोत्सव में शासकीय स्तर पर सभी प्रकार की सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी।
बैठक में मुकेश टटवाल महापौर नगर निगम उज्जैन ने कहा कि कानीपुरा रोड़ पर नगर निगम के द्वारा आवास हेतु मल्टी बनाई गई है। उसका नाम जल महोत्सव से प्रेरित होकर सुजलाम रखा जायेगा। बैठक में बहादुरसिंह बोरमुंडला, विवेक जोशी, कलावती यादव सभापति नगर पालिका निगम, मीना जोनवाल पूर्व महापौर, सोनू गहलोत पूर्व सभापति नगर निगम, अनिल जैन कालूखेड़ा, जगदीश अग्रवाल पूर्व अध्यक्ष विकास प्राधिकरण, सुरेंद्र सिंह अरोरा सामाजिक कार्यकर्ता, संजय नाहर, धर्मेश, ईश्वर, इकबाल सिंह गांधी, सुरेश गिरी, राजेंद्र गुरु, दीदी ब्रह्मकुमारी उपस्थित रहे। बैठक का संचालन सचिन शिंपी जिला समन्वयक द्वारा किया गया एवं आभार प्रदर्शन मुकेश टटवाल महापौर नगर पालिका निगम द्वारा किया गया।