जीरन। नगर परिषद जीरन की नवगठित परिषद का दूसरा साधारण सम्मेलन गुरुवार को दोपहर 12.15 बजे सभागृह में सम्पन्न हुआ। बैठक में नगर परिषद अध्यक्ष रामकरण सगवारिया, उपाध्यक्ष मुकेश राव तावरे, सांसद प्रतिनिधि मधुसूदन राजोरा, विधायक प्रतिनिधि किशन अहिरवार सीएमओ ओपी नागर एवं समस्त पार्षदगण उपस्थित थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लगभग पौन घण्टे चली बैठक में 14 प्रस्ताव शामिल किए गए थे। जिसमें सबसे पहला प्रस्ताव आगामी राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस को मनाए जाने पर विचार विमर्श किया गया। गणतंत्र दिवस कार्यक्रम को पूर्व की भांति परम्परागत रूप से मनाए जाने की सहमति बनी। वार्ड क्रमांक 12 पाटीदार मोहल्ला स्थित कांजी हाऊस की भूमि को नीलाम करने के प्रस्ताव पर भाजपा पार्षदों अपनी आपत्ति दर्ज करवाई। उक्त भूमि पर शासकीय जिम बनाने, या आंगनवाड़ी भवन या वाचनालय बनाने का सुझाव भी पार्षदों द्वारा रखा गया। कांजी हाउस की भूमि को लेकर प्रस्ताव को आगामी बैठक तक स्थगित कर दिया गया।
उसी प्रकार नीमच रोड गणेश मंदिर एवं प्रतापगढ़ दरवाजा के पास स्थित यात्री प्रतीक्षालय के स्थान पर दुकान निर्माण करने के प्रस्ताव को भाजपा पार्षद दल और कांग्रेस के कई पार्षदों ने सिरे से नकार दिया। पार्षदों ने तर्क दिया कि यात्री प्रतीक्षालय समाप्त कर दिए जाने से यात्रियों को खड़े रहने की समस्या उत्पन्न होगी। विरोध के चलते यह प्रस्ताव खारिज हो गया। बालाजी मंदिर के पास में गार्डन के बाहर दुकान निर्माण के प्रस्ताव पर सभी पार्षदों ने स्वीकृति प्रदान की। वार्ड क्रमांक 4 भंवरलाल सगवारिया के मकान से हीरो शोरूम तक नाला निर्माण कार्य, चीताखेड़ा दरवाजा के पास सार्वजनिक उपयोग हेतु सामुदायिक भवन निर्माण साथ ही सुलभ काम्प्लेक्स निर्माण, वार्ड क्रमांक 14 दशहरा मैदान के पास सार्वजनिक उपयोग हेतु डोम का निर्माण, चीताखेड़ा दरवाजा मांगलिक भवन के पास स्थित कुएं के ऊपर दुकान निर्माण, शीतला माता रोड पर मुख्य सड़क से शमशान वाली पुलिया तक यु शेप नाले का निर्माण, वार्ड नं 13 में विक्रम राव तावरे के मकान से खेतों के रास्ते से निकल रहे कच्चे नालें को पक्का एवं गहरा कर यु शेप नाले का निर्माण, प्रहलाद पाटीदार के मकान के पास से होकर शीतलामाता रोड और शमशान वाली पुलिया तक यु शेप नाली निर्माण और वार्ड नं 11 मंगल घाटी स्थित प्राथमिक विद्यालय को नगर परिषद जीरन के हैंड ओवर करने का प्रस्ताव सबंधित विभाग को भेजने और यहा मांगलिक भवन बनाने पर विचार करने का प्रस्ताव आम सहमति से पारित किया गया।
बैठक में नगर की स्वच्छता अभियान को लेकर सभी पार्षदों ने अपने अपने विचार रखे और स्वच्छता को लेकर हो रही लापरवाही पर संबंधित को निर्देशित भी किया।