नीमच। कलेक्टर मयंक अग्रवाल के निर्देशानुसार जिले में शनिवार को आंगनबाड़ी केंद्रों और राशन दुकानों के निरीक्षण का अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत सभी एसडीएम नें अपने अपने क्षेत्र की विभिन्न राशन दुकानों और आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया। इसी क्रम में जावद एसडीएम शिवानी गर्ग ने शनिवार को जावद क्षेत्र के मोरवन सरवानिया महाराज एवं सेमली चंद्रावत में आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण कर बच्चों एवं महिलाओं को उपलब्ध कराए जा रहे टी.एच.आर.पोषण आहार आदि की गुणवत्ता का जायजा लिया और पोषण आहार वितरण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। एसडीएम ने आंगनबाड़ी केंद्रों में दर्ज बच्चों के टीकाकरण कार्यक्रम, शाला पूर्व शिक्षा ,बच्चों की आंगनवाड़ी केंद्रों में उपस्थिति और उन्हें पोषण आहार वितरण तथा कम वजन वाले बच्चों को एनआरसी में भर्ती करवाने के बारे में जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम शिवानी गर्ग ने शनिवार को जावद क्षेत्र के रतनगढ में शासकीय उचित मूल्य दुकान का भी आकस्मिक निरीक्षण किया और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होने उचित मूल्य की दूकान निरीक्षण दौरान स्टॉक पंजी एवं वितरण पंजी का अवलोकन किया तथा उपभोक्ताओं को पात्रता अनुसार खाद्यान्न वितरण के निर्देश दिए।