शाजापुर। गणतंत्र दिवस पर ग्राम देवला बिहार के शासकीय उमावि विद्यालय में छात्र-छात्राओं के साथ प्रदेश के स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्यमंत्री इंदर सिंह परमार, कलेक्टर दिनेश जैन, पुलिस अधीक्षक जगदीश डावर ने विशेष मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया।
इस अवसर पर समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री परमार ने कहा कि अंग्रेजों द्वारा थोपी गई शिक्षा प्रणाली को बदलकर अब नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 बनाई जाकर इसका क्रियान्वयन शुरू किया गया है। नई शिक्षा नीति व्यवसाय, हुनर, गुणवत्ता एवं ज्ञान आधारित होगी। नई शिक्षा नीति गहन मंथन के बाद भारतीय भाषा संस्कृति ज्ञान परंपरा के आधार पर बनाई गई है, इसका सभी राज्यों ने समर्थन भी किया है। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षकों का दायित्व है। साथ ही उन्होंने बताया कि 5वी, 8वी की बोर्ड परीक्षा भी पुनः शुरू की जा रही है। परीक्षा में अन्य गतिविधियों को भी वेटेज दिया जायेगा, इसके लिए समग्र मूल्यांकन का प्रावधान किया गया है। इस मौके पर उन्होंने जिले में निर्मित होने वाले सीएम राईज विद्यालयों के बारे में भी विस्तार से बताया। साथ ही उन्होंने देवलाबिहार के लिए हायरसेकेण्डरी विद्यालय भवन के प्रस्ताव के संबंध में बताया कि इसे कार्य योजना में जोड़ा गया है, जिसकी स्वीकृति शीघ्र मिलेगी। साथ ही उन्होंने उपस्वास्थ्य केन्द्र खुलवाने के लिए भी आश्वस्त किया और बताया कि चौसला में मंदिर निर्माण की कार्रवाई भी शीघ्र होगी। इस मौके पर उन्होंने वृक्षारोपण भी किया।
इसके पूर्व कक्षा 12वी की छात्रा शिवानी विश्वकर्मा ने आकर्षक नृत्य के साथ तलवार की कलाबाजियां दिखाई। इससे प्रभावित होकर राज्यमंत्री परमार ने उसे एक हजार रूपये तथा जिला पंचायत अध्यक्ष ने 500 रूपये नगद राशि पुरस्कार स्वरूप दी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हेमराज सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सदस्य जगदीश फौजी, जिला पंचायत सीईओ मंजूषा विक्रांत राय, डिप्टी कलेक्टर अजीत श्रीवास्तव, एसडीओपी भविष्य भास्कर, जिला शिक्षा अधिकारी विवेक दुबे, तहसीलदार सुनील जायसवाल, नायब तहसीलदार संदीप इवने, सरपंच डॉ. जीवन सिंह डोडिया, अशोक नायक, विष्णु गुर्जर, रामचरण परमार भी मौजूद थे। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों के साथ मध्यान्ह भोजन ग्रहण किया।