चित्तौडगढ़। जिंक नगर स्थित खेल मैदान मे 74 वाॅं गणतंत्र दिवस समारोह हर्षोल्लास एवं उत्साह पूर्वक मनाया गया। चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर के लोकेशन हेड दीपक सोपोरी ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने सभी को गणतंत्र दिवस की बधाई दी।
उन्होंने कहा कि कम्पनी राष्ट्रीय कर्तव्यों के निर्वहन में संलग्न है हमारा उद्धेश्य कम कीमत पर सर्वश्रेष्ठ गुणवत्ता का उत्पाद हमारें उपभोक्ताओं को प्रदान करना है जिसमें सभी की सुरक्षा प्राथमिकता है। उत्पादन के साथ-साथ पर्यावरण, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के क्षेत्र में कम्पनी द्वारा किये गये कीर्तिमान और उनके लिए मिले पुरस्कार हमें आने वाले समय में अधिक श्रेष्ठ होने के लिए हमें प्रेरित करते है।
कार्यक्रम के दौरान परेड कमाण्डर भरत जाट ने सुरक्षा प्रहरियों के दल के साथ मुख्य अतिथि को सलामी दी। हिन्द जिंक विद्यालय के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। समारोह में 20 वर्ष सेवाकाल पूरे करने वाले कर्मचारियों, उल्लेखनीय उपलब्धियों हेतु कर्मचारियों, विद्यालय के विद्यार्थियों को अतिथियों ने सम्मानित किया। युनियन के कार्यकारी अध्यक्ष एस के मोड ने सभी की कर्तव्य परायणता व सांस्कृतिक प्रतिभा को प्रशंसनीय बताया।
कार्यक्रम का संचालन प्रशासन विभाग के विमल पण्ड्या एवं संरक्षा विभाग की माया खटीक ने किया। कार्यक्रम में हिन्द जिंक विद्यालय स्टाफ एवं चंदेरिया लेड जिंक स्मेल्टर के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।