शाजापुर। स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) एवं सामान्य प्रशासन राज्य मंत्री इन्दर सिंह परमार आज शुजालपुर में माँ शारदा सीएम राइज विद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “परीक्षा पर चर्चा 2023“ सजीव कार्यक्रम में शामिल हुए। परमार ने छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अभिभावकों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “परीक्षा पे चर्चा“ कार्यक्रम को लाइव सुना।
स्कूल शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री इन्दर सिंह परमार ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का “परीक्षा पे चर्चा“ कार्यक्रम ना सिर्फ विद्यार्थियों के लिए बल्कि शिक्षकों एवं अभिभावकों के लिए भी प्रेरक कार्यक्रम है। हमारे देश के साथ-साथ दुनिया भर में “परीक्षा पे चर्चा“ कार्यक्रम की लोकप्रियता बढ़ रही है, दुनिया भर के विद्यार्थियों का इस कार्यक्रम में प्रतिभागिता करना इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है। परमार ने कहा कि प्रतिवर्ष की भांति प्रधानमंत्री मोदी ने जिस सहजता से विभिन्न बिंदुओं पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया है, वह निश्चित रूप से विद्यार्थियों के जीवन में प्रेरणा का कार्य करेगा। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि एक परीक्षा से निकले और जिंदगी निकल गई, ऐसा संभव नहीं है, आज तो डगर-डगर पर परीक्षा देना होता है। सिर्फ परीक्षा के लिए नहीं, जीवन में हमें समय के प्रबंधन के प्रति जागरूक रहना चाहिए। प्रधानमंत्री मोदी ने एक दिन डिजिटल उपवास रखने, सामान्य लोग करते हैं असाधारण काम, आलोचनाओं को अनदेखा करने जैसे गुरुमंत्र दिए हैं, जो विद्यार्थियों के लिए न सिर्फ परीक्षा में बल्कि पूरे जीवन में मनोबलवर्धन करेंगे।
राज्य मंत्री परमार ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को “परीक्षा पे चर्चा 2023“ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी के साझा किए विचारों, अनुभवों एवं जीवन मंत्रों को आत्मसात करने को कहा। परमार ने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षा के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
“परीक्षा पे चर्चा 2023“ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने लाखों छात्र छात्राओं के साथ परीक्षा पर चर्चा की। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। विद्यार्थियों के अलावा कार्यक्रम में शिक्षक और अभिभावक भी शामिल हुए।