मंदसौर। मौसम में अचानक आए बदलाव, बेमौसम बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों एवं फसलों पर विपरीत प्रभाव की सूचनाओं को लेकर सरकार सक्रिय हो गई है। मंदसौर प्रवास पर आए प्रभारी मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने सर्किट हाउस मंदसौर पर बैठक लेकर स्थितियों पर चर्चा की है।
इस संबंध में वरिष्ठ विधायक यशपाल सिंह सिसोदिया ने अवगत करवाया कि बारिश से फसलों को जिलेभर में हुए नुकसान की सूचनाओं पर तत्काल बैठक हुई। प्रभारी मंत्री दत्तीगांव ने कलेक्टर गौतम सिंह से जिले की स्थिति की जानकारी ली। बैठक में उनके साथ ही जिला भाजपा अध्यक्ष नानालाल अटोलिया, भाजपा नेता मुकेश काला सहित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में जिले की स्थिति को देखते हुए प्रभारी मंत्री दत्तीगांव को कलेक्टर सिंह ने अवगत करवाया कि सर्वे दल गठित कर दिए गए हैं। एसडीएम, तहसीलदार सहित अन्य अधिकारियों को मैदान में भेजा गया है, जहां जहां नुकसानी की सूचनाएं हैं, वहां सर्वे हेतु टीम भेजी जा रही है। वीडियो कांफ्रेंसिंग से सर्वे की मॉनिटरिंग भी की जाएगी। विधायक सिसौदिया ने बताया कि बैठक में पूरे जिले को लेकर चर्चा हुई और जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की स्थितियों पर जानकारी ली गई।