मन्दसौर। उपसंचालक कृषि कल्याण विभाग द्वारा बताया गया कि, रबी 2022-23 में जिले मन्दसौर में कृषकों द्वारा विभिन्न फसलें अपने खेत में लगाई गई है। साथ ही कृषकों द्वारा अधिसूचित फसलों का फसल बीमा भी प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत कराया गया है। जिले में वर्तमान में लगातार वर्षा से कुछ खेतों में अतिवर्षा से जलभराव व ओलावृष्टि से फसल नुकसान की सूचना मिल रही है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत 72 घंटे के भीतर नुकसान की सूचना दी जाना अनिवार्य है जिससे अतिवृष्टि के प्रकरणों में कृषकों के खेत का सर्वे कार्य समय सीमा में किया जा सके।
कृषक एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी के टोल फ्री नं 1800 233 7115 पर फसल नुकसान की सूचना दे सकता है या क्रॉप इंश्योरेंस नामक एप प्ले स्टोर से डाउनलोड कर एप पर क्रॉप लॉस में जाकर मोबाईल नं की जानकारी एवं ओटीपी वेरीफिकेशन उपरांत सीजन, वर्ष, योजना, राज्य, जिला, तहसील, रिवेन्यू सर्किल, पटवारी हल्का, ग्राम, फसल, सर्वे नं की जानकारी के साथ एप पर सबमिट कर सकते है। सभी किसान भाइयों से विनम्र अनुरोध है कि अपनी फसल का फसल बीमा होने पर अतिवर्षा से फसल नुकसान की सूचना अवश्य दें और प्रधानमंत्री फसल बीमा का लाभ उठायें।