मंदसौर। उपसंचालक पशुपालन विभाग मंदसौर द्वारा बताया गया कि भारतीय उन्नत नस्ल की गोवंशीय दुधारू पशुओं के पालन को बढ़ावा देने एवं दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए शासन के निर्देशानुसार भारतीय उन्नत नस्ल की दुधारू गायों हेतु जिला स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन फरवरी 2023 के द्वितीय सप्ताह में किया जाना है। प्रतियोगिता जिला स्तर के साथ-साथ राज्य स्तर पर आयोजित की जाएगी। जिला एवं राज्य स्तर पर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए जाएंगे। जिसमें पुरस्कार राशि जिला स्तर प्रथम 51 हजार, द्वितीय 21 हजार एवं तृतीय 11 हजार एवं राज्य स्तर पर प्रथम 2 लाख, द्वितीय 1 लाख एवं तृतीय 50 हजार पुरस्कार दिया जाएगा।
प्रतियोगिता में दूध देने वाली भारतीय नस्ल की गायों को पंजीकृत किया जाएगा। जिसका दूध उत्पादन प्रतिदिन 6 लीटर अथवा उससे अधिक हो साथ ही प्रतियोगिता में सम्मिलित गोवंश टैगिंग आईडी से एवं उसका समस्त जानकारी इनाफ पोर्टल पर दर्ज होना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में केवल भारतीय नस्ल की गाय जैसे साहिवाल, गिर एवं मालवी को सम्मिलित किया जावेगा। शंकर गाय प्रतियोगिता के लिए पात्र नहीं होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली गाय के तीन समय के दूध उत्पादन का औसत उत्पादन चयन के आधार पर होगा। पशुपालकों के विकासखंड स्तर पर प्राप्त आवेदन के परीक्षण उपरांत दैनिक दूध उत्पादन की अनिवार्यता के आधार पर 10 गायों का चयन किया जाकर, जिला स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित होगी। इच्छुक पशुपालक अपने भारतीय नस्ल की गाय का पंजीयन अपने निकट की पशु चिकित्सा संस्था पर 25 जनवरी से 5 फरवरी 2023 तक करा सकते हैं।