नीमच। स्वच्छता के साथ ही जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को भी गंभीरता से लेकर निरंतर बेहतरी के प्रयास कर रही नगरपालिका परिषद, नीमच की अध्यक्ष स्वाति गौरव चौपड़ा ने अब नगरपालिका स्वामित्व वाले मांगलिक भवनों की हालत सुधारने की और अपना ध्यान आकर्षित किया है और इस क्रम में सर्वप्रथम कोराना के समय से चिकित्सा विभाग के काम आ रहे गायत्री मंदिर के पास महिला बस्ती गृह वाले मांगलिक भवन को शादी समारोह व अन्य आयोजनों हेतु शीघ्र प्रारंभ करने की कवायद प्रारंभ करने के साथ ही आवश्यकतानुसार विभिन्न मांगलिक भवनों की रंगाई पुताई के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये हैं।
नगरपालिका अध्यक्ष चौपड़ा ने बताया कि रतनदेवी मांगलिक भवन की पुताई का कार्य इसी सप्ताह प्रारंभ हो जावेगा, वहीं महिला बस्ती गृह वाले मांगलिक भवन की पुताई का कार्य भी इसी माह प्रारंभ कर आगामी माह से इसे शादी विवाह सहित अन्य आयोजनों हेतु किराये से दिये जाने की प्रक्रिया प्रारंभ किये जाने हेतु प्रयास किये जावेंगे।
चौपड़ा ने बताया कि स्कीम नं 10 व राजीव नगर मांगलिक भवन में पुताई व अन्य कार्य पूर्व में हो चुके हैं। आगामी समय में वात्सल्य भवन, बघाना स्थित मांगलिक भवन, भगवानपुरा स्थित मांगलिक भवन, अम्बेडकर कॉलोनी स्थित मांगलिक भवन सहित अन्य मांगलिक भवनों की रंगाई-पुताई करवाई जावेगी और रावण रूण्डी सहित अन्य मांगलिक भवन जिन्हें विवाह समारोह हेतु प्रारंभ किया जाना है उन्हें भी शीघ्र प्रारंभ किया जावेगा।
चौपड़ा ने बताया कि मांगलिक भवनों में शादी समारोह के पश्चात तत्काल सफाई करवाने हेतु भी संबंधित क्षेत्र के दरोगाओं को जिम्मेदारी सौंपी जावेगी, ताकि मांगलिक भवन साफ-सुथरे रहे। चौपड़ा ने बताया कि मांगलिक भवनों में पॉलिथिन, डिस्पोजल, प्लास्टिक की चम्मच, कटोरी आदि का उपयोग न कर जीरो इवेन्ट कार्यक्रम करने वालों को नगरपालिका परिषद नीमच की ओर से सम्मानित करने की भी योजना बनाई गई है। ताकि मांगलिक भवन साफ-सुथरे बने रहे। चौपड़ा ने कहा कि मांगलिक भवनों की हालत सुधारने और भी जो जरूरी कार्य होंगे वह कराये जावेंगे।